हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और सिंगर के.एल. सहगल का आज 114 वां जन्मदिन है। 11 अप्रैल, 1904 को जम्मू में जन्मे कुंदन लाल सहगल को भारत का पहला सुपरस्टार भी कहा जाता है। विश्व के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल ने भी सुपरस्टार कुंदन लाल सहगल को डूडल समर्पित कर याद किया है। के. एल. सहगल अपनी सुरीली आवाज और अनोखे अंदाज के लिए आज भी याद किए जाते हैं। करियर के शुरुआती दौर में ही सहगल की आवाज लोगों को इतनी पसंद आई थी कि उन्होंने बेहद कम समय में ही सफलता हासिल कर ली थी। जानिए, आज इस खास मौके पर  के. एल. सहगल के पांच गाने जो आज भी लोगों को बेहद पसंद हैं।

साल 1945 में रिलीज हुई फिल्म ‘तदबीर’ का गाना ‘जनम जनम का’ आज भी युवाओं के बीच पॉपुलर है। वहीं, के. एल. सहगल का दूसरा गाना फिल्म ‘स्ट्रीट सिंगर’ का है। फिल्म का गाना ‘बाबुल मोरा’ लोगों को आज भी बहुत भाता है। यू-ट्यूब पर इसके वीडियो को करीब 4 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वहीं, साल 1946 में रिलीज हुई फिल्म ‘शाहजहां’ का गाना ‘जब दिल ही टूट गया’ लोगों के बीच खासा चर्चित रहा। गाने को अबतक यू-ट्यूब पर 4 लाख 24 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। के. एल. सहगल पर फिल्माया गया एक गाना ‘दो नैना मतवारे’ आज भी लोगों को बहुत पसंद है। फिल्म ‘मेरी बहन’ का यह गाना 90 के दशक में लोगों के दिलों में जगह बनाने में कामयाब रहा था। वहीं, सहगल का गाना ‘प्रेम नगर में’ भी लोगों के बीच पॉपुलर है।

K. L. Saigal 114th Birth Anniversary: भारत के पहले सुपरस्टार के. एल. सहगल का 114वां जन्मदिन, Google ने इस तरह किया याद

साल 1931-32 के बीच सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत करने वाले एक्टर और सिंगर के. एल. सहगल ने कुछ सालों में प्रसिद्धि हासिल कर ली थी। साल 1935 से 1947 तक उन्होंने भारतीय सिनेमा में गायकी और अभिनय के क्षेत्र में अपना जलवा बिखेरा। 15 साल के करियर में लगभग 35 फिल्मों में काम किया, लेकिन महज 42 साल की उम्र में ही इस दिग्गज कलाकार ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।