MI IPL Team 2020 Players List, Squad: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 13वां सीजन 19 सितंबर से यूएई में शुरू हो रहा है। पहला मुकाबला मुंबई इंडियस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा। मुंबई की टीम अब तक चार बार खिताब जीत चुकी है। वह सबसे ज्यादा बार चैंपियन बनने वाली टीम है। चारों खिताब रोहित शर्मा की कप्तानी में ही जीते हैं। मुंबई की टीम पांचवीं बार टाइटल जीतने उतरेगी। उसने पिछले साल फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स को हराया था।
रोहित शर्मा को 2013 में टीम की कमान मिली थी। उन्हें रिकी पोंटिंग की जगह कप्तान बनाया गया था। रोहित के कप्तान बनते ही मुंबई इंडियंस की टीम की किस्मत बदल गई। उसका प्रदर्शन लगातार सही होता गया है। रोहित खुद आईपीएल के सफल बल्लेबाजों में से एक हैं। उनके नाम टूर्नामेंट के 188 मैचों में 4818 रन हैं। वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली और चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाड़ी सुरेश रैना के बाद टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित ने बल्लेबाजी में पिछले 2-3 सीजन में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन इस दौरान उनकी कप्तानी पहले से ज्यादा बेहतर दिखी है।
रोहित के बाद मुंबई को सबसे ज्यादा भरोसा हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह से होगा। हार्दिक अपने ऑलराउंड खेल से कभी भी मैच को पलट सकते हैं। वहीं, दुनिया के बेहतरीन गेंदबाज माने जाने वाले बुमराह के सामने रन बनाना आसान काम नहीं है। क्विंटन डीकॉक और सूर्यकुमार यादव से टीम को उम्मीदें रहेंगी। दोनों बल्लेबाजी को मजबूत बनाते हैं। अनुभवी कीरोन पोलार्ड और क्रिस लिन ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर सकते हैं। लसिथ मलिंगा टीम के लिए मैच विनर साबित हुए हैं, लेकिन इस बार वो नहीं खेलेंगे। टीम को उनकी कमी महसूस होगी।
मुंबई इंडियंस की पूरी टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, कीरोन पोलार्ड, जसप्रीत बुमराह, क्रिस लिन, क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, जेम्स पैटिंसन (लसिथ मलिंगा की जगह), राहुल चाहर. मिशेल मैक्लेनाघन, ट्रेंट बोल्ट, धवल कुलकर्णी, जयंत यादव, सौरभ तिवारी, ईशान किशन, नाथन कूल्टर-नाइल, अनुकूल रॉय, आदित्य तरे, दिग्विजय देशमुख, प्रिंस बलवंत राय सिंह, शेरफेन रदरफोर्ड और अनमोलप्रीत सिंह।
कोच: महेला जयवर्धने।


